किच्छा – क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बनते हुए बलवंत कॉलोनी निवासी सिद्धांत गुप्ता का भारतीय वायु सेना में चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ ने उनके निवास पर पहुंचकर सिद्धांत गुप्ता को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विधायक बेहड़ ने सिद्धांत को मिठाई खिलाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सिद्धांत गुप्ता ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और समर्पण के बल पर भारतीय वायु सेना में स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे किच्छा क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि देश की सेवा के लिए युवाओं का सशस्त्र बलों में चयन होना गर्व की बात है। सिद्धांत की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम एवं दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
विधायक बेहड़ ने सिद्धांत के माता-पिता को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे परिवार का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने सिद्धांत के उज्ज्वल भविष्य तथा भारतीय वायु सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने की कामना की।
इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष उपेंद्र चौधरी, दर्शन कोली, रंजीत कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और सिद्धांत गुप्ता को शुभकामनाएं दीं।




















