किच्छा – विधायक तिलक राज बेहड़ द्वारा प्रत्येक सोमवार को आयोजित किए जाने वाले जनसंवाद कार्यक्रम में इस सप्ताह भी क्षेत्रवासियों की विभिन्न समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने मुद्दे लेकर विधायक कार्यालय पहुंचे, जहां विधायक ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसंवाद के दौरान फास्ट फूड ठेला संचालकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से मुलाकात कर अपनी आजीविका से जुड़ी समस्या रखी। ठेला संचालकों ने बताया कि वे पहले गोल मार्केट क्षेत्र में अपना व्यवसाय करते थे, लेकिन बाद में उन्हें पुराना अस्पताल रोड और फिर अंबेडकर पार्क के सामने बंडिया क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया। बार-बार स्थान बदलने के कारण उनके व्यवसाय पर प्रतिकूल असर पड़ा है, जिससे उनकी आय में कमी आई है और परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने विधायक को बताया कि उनके पास रोजगार का कोई अन्य साधन नहीं है और उन्हें किच्छा स्थित स्टेट बैंक के समीप शौचालय के पास उपलब्ध स्थान पर ठेले लगाने की अनुमति दी जाए, ताकि वे सुचारू रूप से अपना व्यवसाय संचालित कर सकें।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने तत्काल अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद किच्छा को पत्र भेजकर प्रकरण का परीक्षण करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए ठेला संचालकों को यथासंभव राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक बेहड़ ने कहा कि गरीब, श्रमिक और मेहनतकश परिवारों की आजीविका से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के किसी भी नागरिक को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशान नहीं होने दिया जाएगा और जनहित से जुड़े मामलों में हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।



















