– अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभः विकास शर्मा
रुद्रपुर – ट्रांजिट कैंप स्थित श्री राधा गोविंद मंदिर परिसर में सोमवार को ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर एवं जनता दरबार का आयोजन किया गया। महापौर विकास शर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठकर लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।
शिविर में नगर निगम, जल संस्थान, विद्युत विभाग, समाज कल्याण, श्रम विभाग और आयुष्मान योजना सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया। पीएम स्वनिधि योजना के जिला स्तरीय विशेष कैंप में 70 से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स ने आवेदन किए, जिनमें कई आवेदन मौके पर स्वीकृत हुए।

जनता दरबार में पेयजल, बिजली, हाउस टैक्स, पेंशन, राशन कार्ड, श्रम कार्ड और आयुष्मान कार्ड से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। अमृत योजना का लाभ नहीं मिलने और दूषित पेयजल की शिकायतों पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादे के अनुरूप नगर निगम जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ कागजों में नहीं, धरातल पर दिखाई देना चाहिए। इस दौरान नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




















