रुद्रपुर – हैदराबाद में करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य के आभूषणों की चोरी के मामले में उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने बड़ी सफलता हासिल की है। तेलंगाना के एक IPS अधिकारी द्वारा देर रात दी गई महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार हैदराबाद में करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने के बाद जांच के दौरान पता चला कि चोरी में शामिल नेपाली मूल के आरोपी उत्तराखण्ड के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में हैं। इस संबंध में तेलंगाना के एक IPS अधिकारी ने आधी रात को SSP अजय गणपति से संपर्क कर अहम जानकारी साझा की।

सूचना मिलते ही SSP अजय गणपति ने बिना समय गंवाए स्वयं SOG टीम के साथ अभियान की कमान संभाली और रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कराया। देर रात तक चलाए गए इस विशेष ऑपरेशन की निगरानी SSP अजय गणपति खुद कर रहे थे।
चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बस के बारे में जानकारी मिली। टीम ने बस को रोककर यात्रियों की गहन जांच की, जिसमें नेपाल भागने की तैयारी कर रहे नेपाली मूल के तीन संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद उत्तराखण्ड पुलिस और उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद स्थित बिलासपुर क्षेत्र की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हैदराबाद से चोरी किए गए करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण भी बरामद हुए हैं। चूंकि बस उत्तर प्रदेश सीमा क्षेत्र में रोकी गई थी, इसलिए बरामदगी और आगे की वैधानिक कार्रवाई बिलासपुर पुलिस द्वारा की गई।
इस पूरी कार्रवाई को अंतर्राज्यीय समन्वय और त्वरित पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। SSP अजय गणपति के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में ऊधमसिंहनगर पुलिस और रामपुर पुलिस के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला, जिसके परिणामस्वरूप करोड़ों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी सामने आने की संभावना है।




















