– आधा किलोमीटर लंबी नाली बनने से बरसात में जलभराव से मिलेगी राहत, ग्रामीणों ने विधायक का किया भव्य स्वागत
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – विधानसभा रुद्रपुर के बसंतीपुर क्षेत्र में दशकों पुरानी जलनिकासी समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विधायक शिव अरोरा ने 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली लगभग आधा किलोमीटर लंबी नाली निर्माण परियोजना का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया।
वर्ष 1952 में स्थापित बसंतीपुर गांव के निवासी पिछले लगभग 70 वर्षों से जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे। बरसात के दिनों में गांव की सड़कों और रास्तों पर पानी भर जाने से लोगों का आवागमन बाधित हो जाता था। स्कूल जाने वाले बच्चों सहित ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
नाली निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए विधायक शिव अरोरा का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रवासियों को बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाएगी। उन्होंने कहा कि कई दशकों से उपेक्षित इस समस्या का समाधान होना क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि है।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उनके कार्यकाल में ऐसे कई विकास कार्य हुए हैं, जिनकी लंबे समय से अनदेखी की गई थी। ग्रामीणों ने भी बताया कि वर्षों तक केवल आश्वासन मिलते रहे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब नाली निर्माण होने से बसंतीपुर के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में गदरपुर ब्लॉक प्रमुख पति प्रति ग्रोवर, मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश बजाज, अजितेश पाइक, मनोज मिस्त्री, मनोज मंडल, अर्जुन कुमार, भोला, इंद्रपाल चौधरी, अरविंद कुमार, विजय प्रसाद, प्रदीप, मुकेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




















