– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – विधायक तिलकराज बेहड़ ने किसानों की समस्याओं, सीलिंग भूमि के मामलों, फर्जी रजिस्ट्रियों और क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही फसल नुकसान, महंगाई और खाद की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जबकि किच्छा चीनी मिल पर किसानों का लगभग 21 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान बकाया है। उन्होंने किसानों का भुगतान शीघ्र कराने की मांग की।

बेहड़ ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर सीलिंग भूमि को कम कीमतों पर खरीदने और कब्जाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विधायक ने लालपुर, शिमला पिस्तौर और आसपास के क्षेत्रों में एक ही प्लॉट की दोहरी रजिस्ट्रियों के मामलों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई लोग अपनी जीवनभर की पूंजी लगाने के बावजूद भूमि पर कब्जा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने रजिस्ट्रार विभाग से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने चकौनी में हुई चोरी की घटना सहित क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की वारदातों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने पुलिस से लंबित मामलों का जल्द खुलासा करने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित करने की मांग की।




















