– मुख्यमंत्री बोले – तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई, पत्रकारों की गरिमा और न्याय सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता
देहरादून – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट ने अपने परिवार सहित मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई और उससे जुड़े विभिन्न बिंदुओं से मुख्यमंत्री को विस्तार से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को मामले में निष्पक्ष एवं न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि मामले की जांच तथ्यों के आधार पर की जाएगी और वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट को न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है और पत्रकारों की गरिमा एवं अधिकारों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी निर्दोष व्यक्ति का उत्पीड़न न हो।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान हेम भट्ट के परिवार ने भी पूरे घटनाक्रम को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा और न्याय की मांग की।
गौरतलब है कि हाल ही में वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट को पुलिस द्वारा तड़के सुबह लगभग 4 बजे उनके घर से उठाए जाने का मामला सामने आया था। इस कार्रवाई को लेकर पत्रकार संगठनों और मीडिया जगत में काफी नाराजगी देखने को मिली थी। पत्रकारों ने इसे उत्पीड़न बताते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई थी।
हालांकि बाद में पुलिस ने हेम भट्ट को रिहा कर दिया था, लेकिन इस घटना के बाद प्रदेशभर के पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त हो गया था। कई पत्रकार संगठनों ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताया था।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि मामले में निष्पक्ष जांच के साथ जल्द उचित कार्रवाई हो सकती है। वहीं पत्रकार संगठनों की नजर अब सरकार और पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर बनी हुई है।




















