– गदरपुर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, असली नोटों के बीच “Children Bank of India” के नकली नोट लगाकर लोगों को ठगने की थी तैयारी
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले की गदरपुर पुलिस ने नकली नोटों के एक बड़े रैकेट का खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 करोड़ 54 लाख रुपये की असली और नकली करेंसी बरामद की है। बरामद नोटों की कई गड्डियों में ऊपर असली 500 रुपये के नोट और नीचे “Children Bank of India” अंकित नकली नोट पाए गए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी इन नकली नोटों के जरिए किस बड़े षड्यंत्र को अंजाम देने की तैयारी में थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को जनपद पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार गदरपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी।पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में असली और नकली नोट बरामद हुए।
जांच के दौरान कई गड्डियों में ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे “Children Bank of India” लिखे नकली नोट रखे गए थे, ताकि आम लोगों को आसानी से धोखा दिया जा सके।पुलिस के अनुसार मौके से कुल लगभग 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य की असली और नकली करेंसी बरामद हुई है। बरामदगी में 500 रुपये के नकली नोटों की कई गड्डियां शामिल हैं। कुछ गड्डियों में ऊपर असली और नीचे नकली नोट पाए गए, जबकि कई गड्डियों में अधिकांश नोट पूरी तरह फर्जी थे।
मौके से एक काला-सफेद धारीदार बैग भी बरामद किया गया, जिसमें 157 गड्डियां 500-500 रुपये के नकली नोटों की रखी हुई थीं। प्रारंभिक जांच में मामला बड़े स्तर पर आर्थिक अपराध और नकली नोटों की सप्लाई से जुड़ा माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी केशव नगर, बाजपुर तथा मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी पंचपुरी कोपा गूलरभोज, गदरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से लाए गए, इनके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है और किन क्षेत्रों में इन्हें खपाने की तैयारी थी।
साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी बाजपुर अखिलेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी इन नकली नोटों के जरिए किस तरह के अपराध को अंजाम देने की तैयारी में थे।फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह बड़े स्तर पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की तैयारी कर रहा था। गदरपुर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।




















