– पीड़ित परिवारों से मिले समाजसेवी सुशील गाबा, हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
– “हाईवे अब सफर का रास्ता नहीं, मौत का गलियारा बनते जा रहे हैं” — सुशील गाबा
रुद्रपुर/किच्छा – रुद्रपुर और किच्छा क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में ट्रांसपोर्टर समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसों के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। समाजसेवी सुशील गाबा ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किच्छा थाना क्षेत्र के लालपुर स्थित आईडिया कॉलोनी निवासी ट्रांसपोर्टर प्रीत पाल सिंह पुत्र अवतार सिंह शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे लालपुर स्थित पेट्रोल पंप पर अपने वाहनों के लिए डीजल भरवाने हेतु पैसे जमा कराने जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने मृतक के पुत्र अमन को दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही लालपुर चौकी और किच्छा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया।
वहीं दूसरी घटना में जाफरपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर मंटू चंद्र राय की मौत हो गई। देर रात हुए हादसे के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
घटनाओं के बाद समाजसेवी सुशील गाबा ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने हाईवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग अब सुरक्षित यात्रा का माध्यम नहीं, बल्कि मौत का गलियारा बनते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हर दिन कोई न कोई परिवार सड़क हादसों में अपनों को खो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग केवल आंकड़ों तक सीमित हैं। जगह-जगह टूटी सड़कें, अधूरे डिवाइडर, अंधेरे में डूबे कट, बेसहारा पशुओं की आवाजाही, ओवरलोड वाहन और बेलगाम रफ्तार हादसों की बड़ी वजह बन चुके हैं।
सुशील गाबा ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब टोल वसूली में तेजी दिखाई जाती है तो सुरक्षा व्यवस्थाओं में लापरवाही क्यों बरती जा रही है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से सड़क सुरक्षा इंतजामों को दुरुस्त करने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की।
इस दौरान समीर चंद्र राय, हैप्पी रंधावा, करण कुमार, रोहित राय, संजीत राय, प्रसन्नजीत राय, संजीव डे, कालू मांझी, दुलाल राय, पवित्र राय, तापस, पीयूष, सोनू और कमलेश हालदार समेत कई लोग मौजूद रहे।




















