– बिगवाड़ा मंडी के छोटे थोक विक्रेताओं ने विधायक को सौंपा ज्ञापन, रोजी–रोटी बचाने की लगाई गुहार
रुद्रपुर – बिगवाड़ा मंडी में पिछले लगभग 20 वर्षों से टीन शेड के नीचे चबूतरों पर फल एवं सब्जी का थोक व्यापार कर अपनी आजीविका चलाने वाले 150 से अधिक छोटे व्यापारियों ने अपने भविष्य को लेकर पैदा हुए संकट के बीच विधायक शिव अरोरा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें चबूतरे खाली करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है तथा अन्य लोगों को आवंटन देने की बात कही जा रही है, जिससे उनके सामने रोजी–रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
विधायक कार्यालय पहुंचे व्यापारियों ने बताया कि वे भदाईपुरा, रम्पुरा, खेड़ा, रेशमबाड़ी, दूधियानगर और संजय नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हैं तथा वर्षों से मंडी परिसर में फल एवं सब्जी का व्यापार कर अपने परिवारों का पालन–पोषण कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा उन्हें हटाने और चबूतरों पर कब्जा दिलाने के नाम पर धनराशि की मांग भी की जा रही है।
ज्ञापन मिलने के बाद विधायक शिव अरोरा ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी गरीब एवं मेहनतकश व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बिगवाड़ा मंडी में दो प्रकार के व्यापारी वर्षों से व्यापार कर रहे हैं। एक वे, जिन्हें मंडी परिषद द्वारा स्थायी दुकानें आवंटित की गई हैं और दूसरे वे छोटे व्यापारी, जो टीन शेड के नीचे चबूतरों पर अपना व्यवसाय कर रहे हैं। ऐसे में वर्षों से व्यापार कर रहे गरीब व्यापारियों को हटाने का कोई भी प्रयास उचित नहीं है।
विधायक ने कहा कि वह स्वयं मंडी का दौरा करेंगे और मंडी परिषद के अधिकारियों से इस पूरे मामले में वार्ता कर व्यापारियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों में भय का माहौल बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है और रुद्रपुर में किसी भी गरीब परिवार की आजीविका पर संकट आने नहीं दिया जाएगा।
—————————————————————————————————————————————
“बिगवाड़ा मंडी में पिछले दो दशकों से अपनी मेहनत के दम पर परिवारों का पालन–पोषण कर रहे छोटे फल एवं सब्जी व्यापारियों का किसी भी कीमत पर उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार गरीब, मजदूर और छोटे व्यापारियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। यदि किसी द्वारा इन व्यापारियों को धमकाने, हटाने या उनसे धन उगाही का प्रयास किया जा रहा है तो इसकी जांच कर उचित कार्रवाई कराई जाएगी। मैं स्वयं मंडी का निरीक्षण कर अधिकारियों से वार्ता करूंगा और यह सुनिश्चित करूंगा कि वर्षों से व्यापार कर रहे छोटे विक्रेताओं की रोजी–रोटी सुरक्षित रहे।“ — शिव अरोरा, विधायक रुद्रपुर.—————————————————————————————————————————————–
विधायक के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने राहत महसूस की और उनका आभार व्यक्त किया। ज्ञापन सौंपने वालों में यादराम कोली, रामअवतार, टीकाराम, मानव कक्कड़, कृष्णा, शिवकुमार, धर्मपाल, सोनू कबीर, मनोज, प्रिंस नारंग, सूरज सिंह, उज्ज्वल, परमजीत, रुस्तम सिंह समेत बड़ी संख्या में फल एवं सब्जी व्यापारी मौजूद रहे।




















