
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति द्वारा पूरे जनपद में ओवरलोडिंग के विरुद्ध वृहद स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि ओवरलोडिंग के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 56 ओवरलोड वाहनों के चालान किए गए, 47 ओवरलोड वाहन सीज किए गए, 27 ओवरलोड वाहनों के कोर्ट चालान किए गए, 04 वाहनों के ओवरस्पीड में चालान, 4 वाहनों के ओवरस्पीड में कोर्ट चालान।
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों व संचालकों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा में सहयोग दें।























