


– इंडिया नज़र ब्यूरो | हल्द्वानी – सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के क्रम में विशेष जांच टीम (SIT) के अध्यक्ष एवं IG STF श्री नीलेश आनन्द भरणें मय टीम के काठगोदाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल (क्राइम सीन) का गहन निरीक्षण किया। मौके पर एफएसएल टीम की सहायता से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए तथा प्रकरण से जुड़े स्वतंत्र गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
SIT प्रमुख नीलेश आनन्द भरणें ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले से संबंधित ऊधमसिंहनगर पुलिस कार्यालय, थाना ITI, चौकी पैगा सहित अन्य संबंधित कार्यालयों एवं शाखाओं में उपलब्ध समस्त अभिलेखों एवं दस्तावेजों को संरक्षित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि साक्ष्यों की शुचिता और विश्वसनीयता बनी रहे।
SIT प्रमुख नीलेश आनन्द भरणें ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले से संबंधित ऊधमसिंहनगर पुलिस कार्यालय, थाना ITI, चौकी पैगा सहित अन्य संबंधित कार्यालयों एवं शाखाओं में उपलब्ध समस्त अभिलेखों एवं दस्तावेजों को संरक्षित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि साक्ष्यों की शुचिता और विश्वसनीयता बनी रहे।

जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से SIT के अतिरिक्त स्थानीय पुलिस को पीड़ित परिवार के किसी भी सदस्य अथवा गवाह से अनावश्यक संपर्क न करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं, शिकायतकर्ता/पीड़ित परिवार एवं प्रकरण से जुड़े गवाहों की सुरक्षा के दृष्टिगत पीड़ित परिजनों के आवास पर अन्य जनपदों से पुलिस गार्द तैनात की जा रही है।

तकनीकी विश्लेषण को और अधिक मजबूत करने के लिए SIT टीम में कुल छह पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। इनमें तीन उप निरीक्षक, दो हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल शामिल हैं। SIT में शामिल पुलिसकर्मियों में उप निरीक्षक हेमन्त कठैत (थाना लोहाघाट), उप निरीक्षक सोनू सिंह (एएनटीएफ), उप निरीक्षक राधिका भण्डारी (थाना चम्पावत), हेड कांस्टेबल विनोद यादव (थाना बनबसा), हेड कांस्टेबल कमल कुमार (थाना टनकपुर) तथा कांस्टेबल गिरीश भट्ट (सर्विलांस सेल, टनकपुर) शामिल हैं।
SIT टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। SIT प्रमुख श्री भरणें ने बताया कि यह एक अत्यंत संवेदनशील प्रकरण है, जिसकी जांच तथ्यों, साक्ष्यों एवं विधिक प्रावधानों के आधार पर निष्पक्ष रूप से की जा रही है। इसी क्रम में घटनास्थल के निरीक्षण के उपरांत थाना ITI में पंजीकृत FIR को थाना काठगोदाम स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विवेचना के दौरान विधिसम्मत एवं सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या पक्षपात नहीं किया जाएगा।























