– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – रुद्रपुर शहर में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के छोटे पुत्र तथा रुद्रपुर नगर निगम के वार्ड 39 से पार्षद सौरभ राज बेहड़ पर तीन नकाबपोश हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। यह हमला आवास विकास क्षेत्र में किया गया, जिससे पूरे नगर में हड़कंप मच गया है।
हमले में गंभीर रूप से घायल सौरभ राज बेहड़ को तत्काल फुटेला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और लगातार निगरानी की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और समर्थक अस्पताल पहुंच गए। अपने पुत्र पर हुए हमले की जानकारी मिलते ही विधायक तिलक राज बेहड़ भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र सौरभ को एक चौकी में पंचायत के बहाने बुलाया गया था, और उसी दौरान एक पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत उन पर जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि पुलिस जल्द हमलावरों को गिरफ्तार नहीं करती है, तो वे स्वयं अपने समर्थकों के माध्यम से हमलावरों की तलाश करेंगे।

विधायक तिलक राज बेहड़ का कहना है कि “मेरे पुत्र सौरभ को सुनियोजित षड्यंत्र के तहत पंचायत के बहाने बुलाया गया और उस पर जानलेवा हमला किया गया। यह सीधी-सीधी कानून व्यवस्था की विफलता है। अगर पुलिस जल्द हमलावरों को गिरफ्तार नहीं करती है, तो मैं अपने समर्थकों के साथ खुद हमलावरों की तलाश करूंगा। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि राजनीति में विचारों का मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन इस तरह की खुली गुंडागर्दी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि नगर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सौरभ को धोखे से बुलाकर उन पर हमला किया गया, जो बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने पुलिस से हमलावरों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद से नगर के विभिन्न संगठनों में भारी आक्रोश है और लगातार निंदा की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किसने और किस उद्देश्य से किया, लेकिन जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है, उससे यह किसी पुराने विवाद या साजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है।
इस हमले के बाद रुद्रपुर से लेकर किच्छा तक राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और आमजन में भी भय का माहौल है। अब सभी की नजरें पुलिस जांच और आने वाले खुलासों पर टिकी हैं।