


– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – 31 दिसंबर एवं नववर्ष के अवसर पर जनपद उधम सिंह नगर में शांति, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। एसएसपी के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा ऑपरेशन ‘लगाम’ के तहत व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया गया, जिसका उद्देश्य नशाखोरी, हुड़दंग और शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के आदेशानुसार 30 दिसंबर 2025 को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया, जो पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं अथवा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, पिलाने, हुड़दंग एवं शांति व्यवस्था भंग करने की गतिविधियों में शामिल पाए गए थे।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के आदेशानुसार 30 दिसंबर 2025 को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया, जो पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं अथवा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, पिलाने, हुड़दंग एवं शांति व्यवस्था भंग करने की गतिविधियों में शामिल पाए गए थे।

ऑपरेशन ‘लगाम’ के अंतर्गत पुलिस द्वारा मात्र 24 घंटों में 354 व्यक्तियों की काउंसलिंग की गई। इन सभी को थानों में तलब कर स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी गई कि 31 दिसंबर एवं नववर्ष के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशाखोरी या कानून उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त रुख अपनाते हुए 95 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालान की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई सार्वजनिक शांति भंग करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ की गई।
पुलिस द्वारा काउंसलिंग के दौरान सभी व्यक्तियों को अवगत कराया गया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या कानून उल्लंघन की स्थिति में उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ किया कि नववर्ष के जश्न की आड़ में किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में जनपद को संवेदनशीलता के आधार पर जोन और सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही रात्रि गश्त, पैदल पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। नववर्ष के अवसर पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस की तैनाती, नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग, ओवरस्पीडिंग, स्टंटबाजी एवं यातायात नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि ”31 दिसंबर और नववर्ष का उत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और मर्यादित तरीके से मनाएं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। उधम सिंह नगर पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।”
पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनपद में शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन बिना किसी भय के नववर्ष का स्वागत कर सकें।

























