
– पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन, राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर की कार्रवाई की मांग
रुद्रपुर – एक तरफ जहाँ कांग्रेसी पुलिस के खिलाफ एसएसपी कार्यालय के बाहर हल्ला बोल कार्यक्रम कर रहे थे। वही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में सत्याग्रह आंदोलन कर किच्छा के कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम जनता जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने विधायक पर भू-माफियाओं और अपराधियों को संरक्षण देने, प्रशासन पर अनुचित दबाव बनाने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया।
इस दौरान महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (एडीएम) पंकज उपाध्याय और उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट को सौंपकर विधायक के खिलाफ संवैधानिक कार्रवाई करने की मांग की गई।

भाजपा नेताओं ने विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि विधायक तिलक राज बेहड़ अपने पद का दुरुपयोग कर भू-माफियाओं, खनन माफियाओं और आदतन अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाकर अपराधियों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। जो अधिकारी उनकी अनुचित मांगों को मानने से इनकार करते हैं, उन्हें सार्वजनिक रूप से धमकाया जाता है और उनका स्थानांतरण कराने की धमकी दी जाती है। भू-माफियाओं ने ग्राम दरऊ की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है, जिसे जिला प्रशासन ने खाली कराने का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन विधायक के संरक्षण में फिर से उस पर अवैध रूप से गेहूं बो दिया गया है।
सत्याग्रह कार्यक्रम में विधायक शिव अरोड़ा, जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, जिला अध्यक्ष (काशीपुर) गुंजन सुखीजा, मेयर (काशीपुर) दीपक बाली और मेयर (रुद्रपुर) विकास शर्मा ने विधायक के अनैतिक कार्यों के खिलाफ कार्यकर्ताओं से डटे रहने का आह्वान किया।























