
रुद्रपुर – उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में प्रदेश कांग्रेस ने किच्छा पुलिस की तानाशाही और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सरवर यार खान के साथ की गई बदसलूकी के खिलाफ एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना देकर किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने कांग्रेस के दिग्गज नेताओ के साथ हल्ला बोला है। कॉंग्रेसियो ने पुलिस और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और किच्छा कोतवाल को हटाने की मांग की।

आपको बता दे कि इन दिनों किच्छा के वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के बीच जमकर राजनीति अदावत चल रही है। बीते दिनों सहकारिता चुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हाजी सरवर यार खान के खिलाफ भाजपा के एक नेता गफ्फार खान की शिकायत पर किच्छा पुलिस द्वारा सरवर यार खान को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिये बुलाना और उनके साथ बदसलूकी करने से यह मामला तूल पकड़ गया और विधायक बेहड़ ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

आज कांग्रेस का हल्ला बोल कार्यक्रम था, जिसमे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, गणेश गोंदियाल और जसपुर से विधायक आदेश चौहान की अगुवाई में सैकड़ों कांग्रेसियों ने एसएसपी कार्यालय पर धरना देकर पुलिस पर भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने किच्छा के कोतवाल को हटाने की मांग भी की।
कांग्रेस के पुलिस के खिलाफ हल्ला बोल कार्यक्रम के दौरान कई बार पुलिस से धक्कामुक्की हुई। कई घंटे एसएसपी कार्यालय गेट पर कांग्रेसी डटे रहे, बाद में पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोंदियाल, पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, विधायक तिलक राज बेहड़, आदेश चौहान समेत सभी प्रमुख कांग्रेसियों को धरना स्थल हिरासत में ले लिया। सिडकुल पुलिस चौकी में चली समझौता वार्ता में कांग्रेसी नेताओं ने किच्छा मामले की तीन दिन के भीतर निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिलने के बाद अपना हल्ला बोल कार्यक्रम समाप्त कर दिया।
























