

– पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने प्रेस करके विधायक बेहड़ के आरोपों को नकारा।
– पूर्व विधायक शुक्ला ने बेहड़ पर किसानो का अपमान करने का लगाया आरोप।
– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – किच्छा चीनी में पेराई सत्र के शुभारम्भ पर कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ की प्रेस वार्ता के बाद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेता एवं विधायक तिलक राज बेहड़ पर किसानों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा के प्रयासों से किच्छा चीनी मिल का आधुनिकीकरण कर इसे आत्मनिर्भर बनाया गया है। साथ ही, पेराई सत्र से पहले ही गन्ना किसानों का शत-प्रतिशत भुगतान कर दिया गया, जिससे किसानों में प्रसन्नता है।
श्री शुक्ला ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पेराई सत्र के शुभारंभ के अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने अनावश्यक विवाद खड़ा कर माहौल खराब करने की कोशिश की। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री और गन्ना मंत्री के समर्थन में लगाए गए नारों को मुद्दा बनाकर विधायक बेहड़ ने जानबूझकर इस महत्वपूर्ण अवसर पर बाधा डाली, जो किसानों का अपमान है।
तिलक राज बेहड़ द्वारा अपने प्रेस वार्ता में दी गई धमकियों पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि मैं उनकी धमकियों से डरने वाला नहीं हूं उनके द्वारा हमेशा से ही मुझे गालियां दी गई और धमकियां दी गई किसानों के परिवारों के बच्चे जो हमारे साथ आज पेराई सत्र में आए थे उनको गाली देकर उन्होंने किसान परिवारों का अपमान किया है ।
पूर्व विधायक ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सरकारों के दौरान किच्छा चीनी मिल को गर्त में धकेल दिया गया था। किसानों का भुगतान करने के लिए चीनी मिलों को लोन देकर ब्याज का अतिरिक्त भार डाला गया, जिससे चीनी मिल घाटे में चली गई। भाजपा सरकार के कार्यकाल में इस स्थिति को सुधारते हुए प्रदेश सरकार ने लोन के बजाय अनुदान देकर चीनी मिल को घाटे से उबारा और आत्मनिर्भर बनाया।
श्री शुक्ला ने कहा, “आज जब किच्छा चीनी मिल समय पर पेराई सत्र शुरू कर रही है और किसानों को पहले ही भुगतान मिल चुका है, तो कांग्रेस के नेताओं के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। ऐसे में अनर्गल बयानबाजी कर वे केवल किसानों का अपमान कर रहे हैं।”
उन्होंने चीनी मिल के आधुनिकीकरण, समय पर पेराई सत्र शुरू करने और गन्ना किसानों का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया।
“भाजपा सरकार ने किसानों के हित में जो ठोस कदम उठाए हैं, वे भविष्य में भी उनकी समृद्धि और आत्मनिर्भरता के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।”
कांग्रेसी विधायक तिलक राज बेहड़ की पत्रकार वार्ता के बाद तुरंत भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता आयोजित करके विधायक बेहड़ के सभी आरोपों को सिरे से ख़ारिज करते हुए कहा कि नारेबाजी जैसी चीज़ो को लेकर वरिष्ठ विधायक का ऐसे नाराज़ होना उचित नहीं है। राजनीति में यह आम बात है। जो भी हो पेराई सत्र के शुभारम्भ पर ऐसा होना सही नहीं कहां जा सकता है।





















