
किच्छा – धरना दे रहे क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ की हालत अपने सम्बोधन के दौरान अचानक बिगड़ गई और वो बोलते बोलते बेहोश हो गये। जिससे धरना स्थल पर अफरातफरी मच गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें रुद्रपुर के मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत खतरे से बाहर है।

विधायक तिलक राज बेहड़ के अचानक स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी उदय राज सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा मंजुनाथ टीसी ने अस्पताल जाकर विधायक के स्वास्थ के वारे में जानकारी ली। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी अस्पताल पहुंचे और विधायक से मुलाक़ात करके उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना की।

आपको बता दे क़ी प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की नगर इकाई चुनाव को रोके जाने के विरोध में विधायक तिलकराज बेहड़ बीते मंगलवार से एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना दे रहे थे। आज विधायक ने क्षेत्र के लोगो से अपने धरने को जारी रखने अथवा समाप्त करने को लेकर अपने समर्थको को बुलाया था। जिसपर नगर के संभ्रांत लोगो के साथ ही जिला प्रशासन के प्रतिनिधि मंडल के तौर पर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक गरिमा तोमर तहसीलदार एवं एसएचओ सुंदरम शर्मा धरना स्थल पर पहुंचे थे और उन्होंने विधायक से धरना समाप्त करने का अनुरोध किया था। विधायक ने व्यापारियों और जिला प्रशासन के अनुरोध पर धरना समाप्त करने का निर्णय ले लिया था।
वो अपने समर्थको को सम्बोधित कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई और उन्हें हायर सेंटर रुद्रपुर मेडिसिटी में भर्ती कराना पड़ा था। सीएचसी किच्छा के चिकित्सा अधीक्षक एचसी त्रिपाठी ने बताया कि विधायक जी का शुगर लेबल बढ़ गया था और पल्स रेट भी बढ़ गया था। रुद्रपुर से जानकारी के अनुसार अब उनकी तबियत खतरे से बाहर है।

पूर्व विधायक राज कुमार ठुकराल भी तिलक राज बेहड़ की तबियत खराब होने की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे और उन्होंने उनसे मुलाक़ात की।





















