रूद्रपुर – प्रदेश के 11वें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पहली बार रूद्रपुर आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत किया जायेगा। सीएम के कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। यह बात भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने आज अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने कहा कि प्रदेश को युवा कर्मठ और जुझारू सीएम मिलना प्रदेशवासियों के लिए गर्व की बात है। धामी के सीएम बनने से खासकर ऊधम सिंह नगर का गौरव पूरे प्रदेश में बढ़ गया है। जिसके चलते सीएम के पहली बार जनपद आगमन को ऐतिहासिक बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जिले की विभिन्न विधानसभाओं मे अभूतपूर्व स्वागत होगा इसके लिए जिले भर में जोर शोर से तैयारियां की जा रही है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में नई उर्जा का संचार करेगा और कार्यकर्ता और अधिक उत्साह के साथ विधानसभा की तैयारियों में जुटेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने बताया कि कि मुख्यमंत्री के सामने मुख्य माँगे कल्याणी व्यू नदी को 5 किलोमीटर पक्का करना जिससे रम्पुरा और खेड़ा कॉलोनी का सुंदरीकरण हो सके, नजूल भूमि का मुख्य मुद्दा हल कराने, जिला मुख्यालय में सर्किट हाउस बनाने और ग्रामीण क्षेत्र के लिए 20 किलोमीटर हॉट मिक्स सड़कों का निर्माण संबंधी होंगी,जिन्हे मुख्यमंत्री के सामने रखा जायेगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि सीएम जनपद दौरे के दौरान यहां कई विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। साथ ही उम्मीद है कि कुछ नई घोषणाऐं भी करेंगे। उन्होंने कहा कि सीएम के स्वागत के कार्यक्रम के लिए जिले भर में कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारियां सौंप दी गयी हैं सभी कार्यकर्ता अपनी अपनी जिम्मेवारी को तन मन धन से पूरा करने तत्पर हैं।
सीएम के कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष अरोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री धामी 23 जुलाई को प्रातः 11बजे से दोपहर 12.30 बजे तक विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास के साथ ही रुद्रपुर में रोड शो भी निकालेंगे। रोड शो गांधी पार्क रूद्रपुर से भाजपा जिला कार्यालय पर संपन्न होगा।
इस दौरान महिला मोर्चा अल्पसंख्यक मोर्चा अनुसूचित मोर्चा किसान मोर्चा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग जगह जगह समूह के रूप में स्वागत करेंगे दोपहर 12.30 बजे से दोपहर 01.30 बजे तक भाजपा जिला कार्यालय में सीएम का अभूतपूर्व स्वागत किया जायेगा। दोपहर 01.30 बजे से दोपहर 02.15 बजे तक मुख्यमंत्री किच्छा बाईपास पर विधायक राजेश शुक्ला के आवास पर भोजन करेंगे। दोपहर 02.15 बजे से दोपहर 4.00 बजे तक कलेक्ट्रेट परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेंगे। सांय 4 बजे पंतनगर के लिए प्रस्थान करेंगे। सांय 04.30 बजे से सांय 05.30 बजे तक पंतनगर के गांधी हाल में कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। सांय 05.30 बजे से सांय 06.30 बजे तक एनेक्सी पंतनगर में सामाजिक,धार्मिक,व्यापारिक व अन्य संगठनो से बात करेंगे। सांय 06.30 बजे से 07.30 तक का समय आरक्षित रखा गया है। रात्री 7.30 बजे से रात्री 8.30 बजे तक एनेक्सी पंतनगर में आयोजित विचार परिवार कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके बाद रात्रि भोजन एवं रात्रि विश्राम पंतनगर में ही होगा। अगले दिन 24 जुलाई को प्रातः 09.30 से प्रातः 11. बजे तक मुख्यमंत्री धामी किच्छा विधानसभा क्षेत्र में रहेंगे। प्रातः 11.30 से दोपहर 1. बजे तक सितारगंज विधानसभा दोपहर 1 बजे से दोपहर 03.00 बजे तक नानकमत्ता विधानसभा, सांय 3 बजे से सांय 4.30बजे तक खटीमा विधानसभा में भ्रमण करेंगे। सांय 04.30 बजे से सांय 6 बजे तक कार्यकर्ता परिचय बैठक होगी इसके बाद सीएम का समय आरक्षित रहेगा। जिलाध्यक्ष अरोरा ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सीएम के स्वागत के लिए अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।





















