
रुद्रपुर – पंडित रामसुमेर शुक्ला राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य कर्मियों की कमी और कोविड-19 के व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी को फोन पर कॉलेज में बने कोविड-19 सेंटर में, जहां पर स्वास्थ्य कर्मियों की कमी के कारण कोरोना मरीजों की देखभाल सही तरीके से नही होने पर कड़ी आपत्ति दर्ज करवाई है।
विगत दिनों भी राजेश शुक्ला ने स्वास्थ्य सचिव से राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर में स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति करने को कहा था, जिस पर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं होने से विधायक राजेश शुक्ला खासे नाराज दिखे। स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी ने विधायक राजेश शुक्ला को बताया कि उनके द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ ही जिला प्रशासन को आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति करने को निर्देशित किया गया। लेकिन अभी तक स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति न होना भारी लापरवाही है।
विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य कर्मी न होने के कारण कोरोना मरीजो कि सही से देखभाल नहीं होने से कोरोना मरीजो की मौत हो रही है, स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी ने विधायक राजेश शुक्ला को आश्वस्त किया कि मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर में स्वास्थ्य कर्मियों की कमी को तत्काल पूरा किया जायेगा।





















