
– तापस विश्वास
रुद्रपुर – भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने सिटी क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि डबल इंजन की सरकार में जनता के काम आसान हुए हैं। भाजपा ने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देकर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम किया है। सरकार की पारदर्शी कार्यशैली और विकास कार्यों के दम पर पार्टी एक बार फिर प्रदेश में प्रचण्ड बहुमत से सरकार बनायेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि कार्यकर्ताओं आज भारी उत्साह है। भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ता जा रहा है। आज हर क्षेत्र में विकास के नये आयाम स्थापित हुए है। प्रदेश का चहुमुखी विकास किया जा रहा है। नजूल भूमि के मुद्दे पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नजूल भूमि पर बसे लोगों को मालिकाना हक दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। उनके शहरी विकास मंत्री रहने के दौरान नजूल के मुद्दे पर सरकार ने कमेटी बनायी थी, कमेटी ने जो निष्कर्ष निकाला था . उसके बाद सरकार सुप्रीम कोर्ट गयी थी जहां से इस मुद्दे पर बड़ी राहत मिल पाई। अब उम्मीद है कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नजूल की समस्या का समाधान हो जायेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों को लेकर गंभीर है। सौभाग्य से हमारे पास केन्द्र में नरेंद्र मोदी जैसा चमत्कारी व्यक्तित्व है। जो देश हित की सोच के साथ भारत को बुलंदियों की ओर ले जा रहे हैं। आज भारत की ओर विश्व की निगाहें टिकी हुयी है। डबल इंजन की सरकार का अहसास हमने पिछले चार साल में जनता को कराया है। चार साल में सरकार ने हर क्षेत्र में विकास के नये आयाम स्थापित किये हैं। सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में आज पार्टी कार्यकर्ता सेतु की भूमिका निभा रहे हैं। डबल इंजन की सरकार ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उससे कार्यकर्ताओं का मनोबल भी लगातार उंचा हो रहा है। उन्होंने कहा प्रदेश में 2017 के चुनाव में कार्यकर्ताओं के दम पर पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की थी। आज कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम के दम पर 2022 में भी पार्टी एक बार फिर परचम लहरायेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने केन्द्र और प्रदेश सरकार की तमाम उपलब्धियां भी गिनाई। प्रेस वार्ता में पूर्व सांसद बलराज पासी,विधायक राज कुमार ठुकराल, विधायक राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, मेयर रामपाल सिंह, सुरेश परिहार, जिला मीडिया प्रभारी ललित मिगलानी आदि भी मौजूद थे।





















