

– राजू सहगल
किच्छा – उद्योग व्यापार मंडल के चुनाव को लेकर व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नगर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में चल रही चुनावी प्रक्रिया में दोपहर 12:30 बजे तक करीब 47% व्यापारी मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग कर लिया है। पुरुष व्यापारियों के साथ साथ महिला व्यापारियों में भी चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाओं ने जीजीआईसी स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मत का प्रयोग किया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न कराए जाने को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद नजर आ रहा है ।
मतदान केंद्र के परिसर तथा चुनावी कार्यालयों के आसपास भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरजीत कुमार के दिशा निर्देशन में कोतवाली प्रभारी चंद्र मोहन सिंह , एसआई हेमचंद सिंह हरड़िया, एसआई बबीता गोस्वामी सहित पुलिस टीम पूरी मुस्तैदी से मतदान केंद्र के आसपास स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जीजीआईसी में पांच मतदान कक्ष बनाए गए हैं तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर 5-5 सौ मतदाताओं के वोट डालने की व्यवस्था की गई है।

वहीं दूसरी ओर मतदाता सहायता केंद्र पर चुनाव अधिकारी सतपाल बाबा, निर्मल सिंह हंसपाल ,महादेव अग्रवाल ,लियाकत अंसारी ,राजेंद्र अरोरा , रामबाबू प्रधान , गुरनाम सिंह नागी की टीम व्यापारियों की सहायता करते हुए मतदाता पर्ची से वंचित व्यापारियों को डुप्लीकेट मतदाता पर्ची उपलब्ध कराने की व्यवस्था में डटे रहे। सुबह 8 बजे प्रारंभ हुई चुनाव प्रक्रिया में दोपहर 12:30 बजे तक मतदाताओं की खासी भीड़ मतदान केंद्र पर देखने को मिली ।
वहीं दूसरी ओर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के बाहर मुख्य सड़क पर बनाए गए चुनावी कार्यालय पर प्रत्याशियों के समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा। दोपहर 12:30 बजे तक मतदान कक्ष संख्या एक में 225 , मतदान संख्या कक्षा दो में 190 , मतदान केंद्र 3 में 221 , मतदान केंद्र चार में 228 , मतदान केंद्र 5 में 240 व्यापारियों ने अपने मत का प्रयोग किया। मतदान केंद्र के बाहर कुछ कुछ दूरी पर खड़े तमाम पदों के प्रत्याशी मतदाता व्यापारियों को अपने पक्ष में मतदान किए जाने की अपील करते नजर आए।
संभावना जताई जा रही है कि करीब 4 से 5 बजे तक चुनावी प्रक्रिया समाप्त होने के 2 घंटे बाद 7 बजे तक निर्वाचित प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। फिलहाल चुनाव मैदान में उतरे मुख्य दावेदारों द्वारा जोड़-तोड़ करते हुए अपनी जीत के दावे किए जा रहे हैं। नगर के जीजीआईसी में चुनावी प्रक्रिया तेजी से चल रही है और देर शाम तक पूरी स्थिति साफ हो जाएगी कि व्यापार मंडल के अध्यक्ष, महामंत्री व कोषाध्यक्ष का ताज किस प्रत्याशी के सिर पर सजेगा ?





















