
– 29 नवंबर को गांधी पार्क से निकलेगी भव्य निशान यात्रा, हजारों श्याम प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – शहर के गांधी पार्क में 30 नवंबर को आयोजित होने जा रहे भव्य श्री श्याम संकीर्तन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन को लेकर गांधी पार्क को भव्य रूप दिया जा रहा है। बाबा खाटू श्याम का आकर्षक दरबार सजाया जाएगा, वहीं विश्व प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल अपनी मधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुति देकर श्याम प्रेमियों को भक्तिरस में सराबोर करेंगे।

कार्यक्रम के संयोजक एवं रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने शनिवार को गांधी पार्क में पत्रकार वार्ता कर आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर को होने वाले संकीर्तन में रुद्रपुर के साथ ही बिलासपुर, किच्छा, गदरपुर, रामपुर और हल्द्वानी सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की जाएगी।
मुख्य संकीर्तन से एक दिन पहले 29 नवंबर को भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा दोपहर दो बजे गांधी पार्क से शुरू होकर शहर के मुख्य बाजार से होते हुए गल्ला मंडी पहुंचेगी। यहां से यात्रा का समापन श्री खाटू श्याम मंदिर में होगा। इसमें बड़ी संख्या में श्याम भक्त बाबा का निशान लेकर शामिल होंगे।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि श्री श्याम संकीर्तन आस्था, भक्ति और सामाजिक एकजुटता का पर्व है। उन्होंने क्षेत्रवासियों और श्याम प्रेमियों से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचकर बाबा खाटू श्याम का आशीर्वाद लेने की अपील की।
पत्रकार वार्ता के दौरान श्याम मंडल से जुड़े विनीत जैन, संदीप राव, प्रीत ग्रोवर, मनोज छाबड़ा, राजेश कामरा, सुनील यादव, श्रीओम, विकास सागर, हिमांशु पारीक, मयंक कक्कड़, संजीव अरोरा, मनोज मित्तल, मनोज मदान और डंप्पी चोपड़ा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






















