
– हरिराम टम्टा पारंपरिक शिल्प उन्नयन संस्थान के उपाध्यक्ष नियुक्त होने पर आवास पहुंचकर किया सम्मान
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – वरिष्ठ भाजपा नेता एवं संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके सुरेश कोली को उत्तराखंड सरकार में हरिराम टम्टा पारंपरिक शिल्प उन्नयन संस्थान का उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने उनके आवास पहुंचकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सुरेश कोली को सरकार में नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में भी खुशी का माहौल है।
विधायक शिव अरोरा ने सुरेश कोली को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को गले मिलकर शुभकामनाएं दीं। मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भी सुरेश कोली को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर के लिए यह हर्ष का विषय है कि लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहकर पार्टी की सेवा करने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश कोली को उत्तराखंड सरकार में महत्वपूर्ण दायित्व मिला है। उन्होंने कहा कि सुरेश कोली ने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पार्टी को मजबूत करने में योगदान दिया है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सुरेश कोली को मिली यह जिम्मेदारी पारंपरिक शिल्प और उससे जुड़े क्षेत्रों के विकास एवं उन्नयन के लिए काम करने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सुरेश कोली अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।
शिव अरोरा ने सुरेश कोली को सरकार में दायित्व दिए जाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को जिम्मेदारियां देकर उन्हें आगे बढ़ने और समाज के विकास में योगदान देने का अवसर प्रदान कर रही है।

















