
– बराती बनकर राम बारात में शामिल हुए विधायक शिव अरोरा, ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर झूमे
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – रम्पुरा श्रीरामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित ऐतिहासिक श्रीरामलीला के शुभारंभ के बाद गुरुवार को रमपुरा स्थित चौरासी घंटा मंदिर से प्रभु श्रीराम की भव्य बारात निकाली गई। रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने फीता काटकर श्रीराम बारात का शुभारंभ किया। बारात के दौरान पूरा क्षेत्र ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय वातावरण के बीच श्रीराम बारात रम्पुरा से होते हुए शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। बारात के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर प्रभु श्रीराम की बारात का स्वागत किया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु बारात में शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

विधायक शिव अरोरा भी श्रीराम बारात में बराती के रूप में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर नृत्य किया और भक्तिमय माहौल का आनंद लिया। विधायक के साथ मौजूद लोगों और श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह नजर आया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रम्पुरा की श्रीरामलीला बेहद प्राचीन और आस्था से जुड़ी हुई है। प्रत्येक वर्ष रमपुरा के साथ ही आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रीरामलीला और बारात में शामिल होने पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीराम बारात में उमड़ा जनसैलाब क्षेत्रवासियों की प्रभु श्रीराम के प्रति गहरी आस्था और श्रद्धा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि श्रीराम बारात के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और हर ओर ‘जय श्रीराम’ का जयघोष सुनाई दिया। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का जीवन समाज को सत्य, धर्म, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। विधायक ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की कृपा सभी क्षेत्रवासियों और प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए।
श्रीराम बारात में भाजपा नेता सुरेश कोली, लालमन कोली, धीरेन्द्र मिश्रा, चन्द्रसेन कोली, यादराम कोली, किशन कोली, चन्द्रसेन चंदा, राज कोली, महेश कोली, विपिन कोली, पिंकी चतुर्वेदी, अर्चना राय, साधना शर्मा, सोनू चिकारा, डंप्पी चोपड़ा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

















