| इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – एकल अभियान के अंतर्गत संचालित एकल श्रीहरि मंदिर रथ योजना के दो दिवसीय केंद्रीय नैपुण्य वर्ग का शुभारंभ शनिवार को रेणुका पब्लिक स्कूल, डिब्डिबा (रुद्रपुर) में श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री विजय भूषण गर्ग, वर्ग संयोजक श्री भारत भूषण चुघ, केंद्रीय सह अभियान प्रमुख श्री दीप कुमार, विभाग प्रचारक श्री नरेंद्र तथा रथ योजना के प्रभारी डॉ. सारोत्ताम शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रभाग-5 के रथ योजना प्रभारी श्री झम्मन लाल शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं केंद्रीय सह अभियान प्रमुख श्री दीप कुमार ने कहा कि एकल श्रीहरि मंदिर रथ योजना, एकल अभियान के एकल श्रीहरि वनवासी विकास ट्रस्ट द्वारा संचालित एक अनूठी पहल है। इस योजना का उद्देश्य दूर-दराज के वनवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक शिक्षा और नैतिक संस्कारों से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत मिनी ट्रकों को चलता-फिरता मंदिर (रथ) के रूप में तैयार किया जाता है। जिन गांवों में स्थायी मंदिर नहीं हैं, वहां यह रथ भगवान की प्रतिमा के साथ पहुंचकर स्थानीय लोगों को पूजा-अर्चना का अवसर उपलब्ध कराता है।

उन्होंने बताया कि रथ पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से शाम के समय रामायण, महाभारत सहित अन्य प्रेरणादायक धार्मिक एवं सांस्कृतिक फिल्में प्रदर्शित की जाती हैं। साथ ही सत्संग, संस्कार शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीण क्षेत्रों में फैली छुआछूत, अंधविश्वास तथा व्यसन जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का प्रयास किया जाता है।
मुख्य अतिथि श्री विजय भूषण गर्ग ने एकल अभियान एवं श्रीहरि मंदिर रथ योजना के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
वहीं विभाग प्रचारक श्री नरेंद्र ने ‘पंच परिवर्तन’ के विषय पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री भारत भूषण चुघ ने की। उन्होंने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग से कार्यकर्ताओं को संगठन के उद्देश्यों और सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाने की नई ऊर्जा मिलेगी। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रभाग-5 की उपाध्यक्ष श्रीमती शैली बंसल ने किया।
इस अवसर पर रथ निर्माण प्रभारी श्री प्रवीण प्रजापति, पी-4 रथ प्रभारी श्री प्रमोद अग्निहोत्री, उत्सव विभाग के केंद्रीय प्रमुख श्री ढाल सिंह, केंद्रीय सह प्रमुख श्री विशाल, प्रभाग प्रमुख पी-5 श्री ओम प्रकाश, पी-4 प्रमुख श्री सुरेंद्र, केंद्रीय प्रशिक्षण टोली सदस्य एवं वर्गाधिकारी गोरेंद्र मधुकर चतुर्वेदी, श्री दिनेश कपूर, अंजुल त्यागी, विकास शर्मा, बलदेव राज छाबड़ा, दिनेश कालरा, प्रमोद विष्ट, नीलकंठ राणा, समीर उपाध्याय, अरविंद कन्नौजिया, ममता कोरंगा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह दो दिवसीय केंद्रीय नैपुण्य वर्ग संगठन के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




















