| इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में सनसनीखेज हत्याकांड का मात्र 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन किच्छा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें दबोच लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे सोशल मीडिया पर चल रहा विवाद और आपसी रंजिश मुख्य कारण थी।
पुलिस के अनुसार 25 जून 2026 को थाना किच्छा क्षेत्र के महराया लालपुर रोड पर 6-7 युवकों ने विक्रांत नामक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में सुशीला तिवारी चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की मां कंचन पत्नी विकास, निवासी हरि मंदिर गली, मेन बाजार रुद्रपुर की तहरीर पर थाना किच्छा में एफआईआर संख्या 228/2026 धारा 109(1)/191(3) बीएनएस के तहत बंटी ठाकुर समेत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विक्रांत की मौत के बाद मामले में धारा 103 बीएनएस (हत्या) भी जोड़ दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने लगातार दबिश देकर 26 जून को धाधा फार्म क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जो नेपाल भागने की तैयारी में थे।
पुलिस ने वरुण कुमार (21 वर्ष) पुत्र अशोक कुमार, निवासी रामेश्वरपुर, थाना किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर और सुशील (24 वर्ष) पुत्र उत्तम सिंह, निवासी शिमला पिस्तौर, थाना रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि मृतक विक्रांत और उनके बीच सोशल मीडिया पर लगातार बयानबाजी और विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने आपसी रंजिश का रूप ले लिया और मौका मिलते ही विक्रांत पर फायरिंग कर दी गई।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर वर्तमान में घायल अवस्था में उपचाराधीन है। उसकी चोटों की भी जांच की जा रही है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। किसी भी अपराध में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को कानून-व्यवस्था के प्रति उसकी सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।




















