रुद्रपुर – किच्छा क्षेत्र के लालपुर में हुई युवक विक्रांत की सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे रुद्रपुर क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही विक्रांत का पार्थिव शरीर मुख्य बाजार स्थित हरि मंदिर गली स्थित आवास पहुंचा, वहां हजारों की संख्या में स्थानीय लोग और युवा अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े।
इस दौरान रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा भी मृतक के आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
विधायक ने कहा कि जिस तरह विक्रांत को कथित तौर पर धोखे से बुलाकर लालपुर में गोली मारकर बेरहमी से हत्या की गई, वह बेहद दुखद और मानवता को झकझोर देने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि घायल अवस्था में उसे तड़पता छोड़ देना अपराधियों की क्रूर मानसिकता को दर्शाता है और ऐसे कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकते।
उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर सहयोग करेंगे। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई कर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की बात कही।
विधायक ने पुलिस द्वारा मामले में दो आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की सराहना करते हुए कहा कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी कानून को चुनौती देने का साहस न कर सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भय और अपराध का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है और निर्दोष लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

विधायक शिव अरोरा का कहना है कि “विक्रांत की हत्या अत्यंत दुखद, अमानवीय और निंदनीय घटना है। इस कठिन समय में मैं और पूरा समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मुझे विश्वास है कि बाकी आरोपी भी जल्द कानून की गिरफ्त में होंगे। हम सुनिश्चित करेंगे कि सभी अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले और पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय मिले। क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।”



















