| इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – रुद्रपुर के गांधी पार्क में शुक्रवार को आयोजित होने वाले खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम के मंच से केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा काशीपुर बाईपास निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जाएगा। यह जानकारी विधायक शिव अरोरा ने कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान दी।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे विधायक शिव अरोरा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गांधी पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया और आमजन के लिए पेयजल, पंखे तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, कृषि विभाग एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौजूद रहे।

विधायक अरोरा ने बताया कि खेत बचाओ अभियान का उद्देश्य किसानों को आधुनिक खेती, भूमि संरक्षण और उत्पादन बढ़ाने के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़े विभिन्न स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
उन्होंने कहा कि 13.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण कार्य को शासनादेश मिलने के महज कुछ दिनों बाद ही शिलान्यास के लिए तैयार कर लिया गया है, जिससे परियोजना में तेजी आने के संकेत मिले हैं। बाईपास के निर्माण से जाम की समस्या में राहत मिलेगी और क्षेत्र के व्यापार व यातायात को भी लाभ होगा।
विधायक शिव अरोरा ने इसे रुद्रपुर क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बड़ी सौगात बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।




















