

– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर –उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी अजय मौर्या का निर्विरोध निर्वाचन भाजपा के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में इसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सूझबूझ और रणनीति का परिणाम माना जा रहा है।
चुनाव से पहले इस सीट पर गंगवार परिवार के वर्चस्व को लेकर चर्चाएं तेज थीं। पिछले 20 वर्षों से गंगवार परिवार ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर लगातार अपना दबदबा बनाए रखा था। इस बार भी उम्मीद की जा रही थी कि परिवार की दावेदार रेनू गंगवार मैदान में उतरेंगी, लेकिन उन्होंने नामांकन दाखिल नहीं किया। इस कदम ने अजय मौर्या की निर्विरोध जीत का रास्ता साफ कर दिया और दशकों पुराना राजनीतिक समीकरण पलट गया।
चुनाव से पहले इस सीट पर गंगवार परिवार के वर्चस्व को लेकर चर्चाएं तेज थीं। पिछले 20 वर्षों से गंगवार परिवार ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर लगातार अपना दबदबा बनाए रखा था। इस बार भी उम्मीद की जा रही थी कि परिवार की दावेदार रेनू गंगवार मैदान में उतरेंगी, लेकिन उन्होंने नामांकन दाखिल नहीं किया। इस कदम ने अजय मौर्या की निर्विरोध जीत का रास्ता साफ कर दिया और दशकों पुराना राजनीतिक समीकरण पलट गया।

भाजपा के सूत्रों के मुताबिक, गंगवार परिवार ने पार्टी का टिकट पाने के लिए भरपूर प्रयास किया, लेकिन मुख्यमंत्री धामी ने अपने करीबी माने जाने वाले अजय मौर्या पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रत्याशी बनाया। इस फैसले से चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए और विपक्ष को भी प्रत्याशी खड़ा करने का मौका नहीं मिला।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि गंगवार परिवार का अचानक चुनाव से हटना कई संकेत देता है। हालांकि, परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय राजनीतिक गलियारों में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि गंगवार परिवार आने वाले समय में इस पर अपनी प्रतिक्रिया देगा और संभवतः अपनी राजनीतिक रणनीति का नया अध्याय खोलेगा।

भाजपा में जश्न, नेताओं की प्रतिक्रियाएं
अजय मौर्या के निर्विरोध निर्वाचन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। जिलेभर में मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर जश्न मनाया गया।
नगर निगम महापौर विकास शर्मा ने अजय मौर्या को बधाई देते हुए कहा,“यह जिले के राजनीतिक इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह भारतीय लोकतंत्र की स्वस्थ, स्वच्छ और परिपक्व परंपरा का प्रतीक है।”
भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने इसे भाजपा की “ऐतिहासिक जीत” करार दिया और विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा जिले में और अधिक मजबूत होगी।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि अजय मौर्या, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जनकल्याणकारी योजनाओं को जिले में लागू कर विकास के नए द्वार खोलेंगे।
अजय मौर्या का निर्विरोध निर्वाचन न केवल भाजपा के लिए बड़ी जीत है, बल्कि यह जिले की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत भी माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वे अपने कार्यकाल में जिले के विकास के लिए कौन-कौन से बड़े कदम उठाते हैं।























