

– इंडिया नजर ब्यूरो,रुद्रपुर – रुद्रपुर शहर में दिनोंदिन बढ़ रही यातायात जाम और पार्किंग की समस्याओं को लेकर अब नगर निगम एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में बुधवार को शाम 4 बजे नगर निगम सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें पुलिस प्रशासन, नगर निगम अधिकारी और शहर के व्यापार मंडल के पदाधिकारी एक साथ बैठकर इस गंभीर मुद्दे पर चर्चा करेंगे।
महापौर विकास शर्मा ने जानकारी दी कि पिछले कुछ महीनों से शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति विकराल रूप ले चुकी है। मुख्य बाजार, बस अड्डा, स्टेशन रोड, ट्रांजिट कैंप और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। वहीं, अव्यवस्थित पार्किंग ने स्थिति को और बदतर बना दिया है। इससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यावसायिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है।

महापौर ने कहा कि “शहर में सुचारु यातायात और बेहतर पार्किंग व्यवस्था अब समय की मांग है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और संगठनों की संयुक्त जिम्मेदारी बनती है। कल की बैठक में हर पक्ष को अपना सुझाव और समाधान रखने का अवसर मिलेगा, ताकि एक ठोस कार्ययोजना तैयार की जा सके।”

इस बैठक में विशेष रूप से व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से सुझाव लिए जाएंगे, क्योंकि स्थानीय बाजारों और व्यावसायिक इलाकों में पार्किंग और ट्रैफिक की समस्या सबसे ज्यादा है। व्यापारियों से मिली जमीनी जानकारी और स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर ही शहर के लिए स्थायी और व्यावहारिक समाधान तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में निम्न बिंदुओं पर विशेष चर्चा हो सकती है, शहर में पार्किंग के लिए निर्धारित स्थलों की पहचान और उनका विकास, मुख्य बाजार और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में वन-वे यातायात व्यवस्था, ट्रैफिक सिग्नल और रोड मार्किंग को दुरुस्त करना, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई, ट्रैफिक पुलिस की गश्त और निगरानी बढ़ाना।
महापौर ने विश्वास जताया कि इस बैठक से जल्द ही शहरवासियों को सुगम यातायात और बेहतर पार्किंग सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने अपील की कि नागरिक भी इस बदलाव में प्रशासन का सहयोग करें।























