
– अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और एम्स की स्थापना का उठाया मुद्दा, स्मार्ट इंडस्ट्रियल एरिया में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – युवा भाजपा नेता नरेंद्र सिंह टाकुली ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके आवास पर मुलाकात कर किच्छा क्षेत्र के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने से जुड़े अहम मुद्दे उठाए।
मुलाकात के दौरान टाकुली ने किच्छा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम और एम्स जैसी उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा स्थापित करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने स्मार्ट इंडस्ट्रियल एरिया में स्थापित होने वाले उद्योगों में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने के लिए ठोस व्यवस्था बनाने का आग्रह किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि किच्छा और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में हैं। ऐसे में क्षेत्र में औद्योगिक विकास की संभावनाओं को देखते हुए स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।
नरेंद्र सिंह टाकुली ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की स्थापना से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलेगा और खेल गतिविधियों के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं, एम्स जैसी चिकित्सा सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करने की मजबूरी कम होगी।
उन्होंने अग्निवीरों के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा सीधी भर्ती के माध्यम से युवाओं को रोजगार देने की दिशा में सरकार की पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया।
टाकुली ने कहा कि किच्छा में विकास की अपार संभावनाएं हैं। यदि क्षेत्र की जरूरतों को प्राथमिकता देकर योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए तो यहां के युवाओं को रोजगार मिलने के साथ ही क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास भी तेजी से होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया।




























