– ओमेक्स रिवेरा के विला में पंतनगर, रुद्रपुर और सिडकुल पुलिस की संयुक्त छापेमारी, ताश के पत्तों के साथ पोकर सेट भी मिला
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंतनगर पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ओमेक्स रिवेरा स्थित एक विला में छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3,88,100 रुपये नकद, ताश की दो गड्डियां और एक टेक्सास होल्डम पोकर सेट बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर विभव सैनी के मार्गदर्शन में 26 अक्टूबर को कोतवाली पंतनगर, कोतवाली रुद्रपुर और चौकी सिडकुल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ओमेक्स रिवेरा स्थित लेमेडा विला नंबर 39 में छापा मारा। इस दौरान विला की दूसरी मंजिल पर छह व्यक्ति ताश और पोकर के जरिए हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते मिले।
पुलिस ने अमित कुमार (43), अशोक कुमार (50), अपूर्व कुमार (35), अभिषेक कुमार (42), मनवेन्द्र सिंह (34) और विवेक गुप्ता (46) को गिरफ्तार किया है। इनमें कुछ आरोपी ओमेक्स रिवेरा के निवासी हैं, जबकि अन्य रुद्रपुर और गदरपुर के रहने वाले बताए गए हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 3,88,100 रुपये नकद, 52-52 पत्तों वाली ताश की दो गड्डियां, एक टेक्सास होल्डम पोकर सेट और विभिन्न रंगों के पोकर सिक्के बरामद किए। पुलिस ने बरामद सामान को सीलबंद कर दिया है।
इस मामले में कोतवाली पंतनगर में एफआईआर संख्या 222/2026 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




















