– डिवाइडरों की रंगाई-पुताई से लेकर स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक शौचालयों की सफाई तक, अधिकारियों को दिए निर्देश
– इंडिया नज़र ब्यूरो | किच्छा – नगर पालिका परिषद किच्छा की पहली बोर्ड बैठक के बाद पालिकाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह एक्शन मोड में नजर आए। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वह अधिशासी अधिकारी दीपक शुक्ला और निर्वाचित सभासदों के साथ सड़कों पर उतर पड़े। पालिकाध्यक्ष के इस कदम को शहर में स्वच्छता, रोशनी और सौंदर्यीकरण की दिशा में ‘छोटी सरकार’ की सक्रिय पहल के रूप में देखा जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने शहर के डिवाइडरों की रंगाई-पुताई, बिजली के खंभों और पोल लाइटों की पेंटिंग, सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई तथा पार्कों की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से त्योहारों से पहले व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।
‘जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता, लापरवाही बर्दाश्त नहीं’
————————————————————————————————————————————–

पालिकाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने कहा, “नगर पालिका की जिम्मेदारी सिर्फ कार्यालय में बैठकर काम करने तक सीमित नहीं है। जनता की समस्याओं को समझने और उनका समाधान सुनिश्चित करने के लिए धरातल पर उतरना जरूरी है। जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
———————————————————————————————————————–
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शहर को स्वच्छ, सुंदर और रोशनी से जगमगाता रखना प्राथमिकता है। इसके लिए सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। सार्वजनिक शौचालयों और पार्कों की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने अधिकारियों और सभासदों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए शहर की व्यवस्थाओं में सुधार लाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।





















