– मंच के सौंदर्यीकरण के लिए रामलीला कमेटी ने जताया आभार, हजारों श्रद्धालुओं के साथ देखा भव्य मंचन
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – बस स्टैंड के समीप आयोजित शहर की प्राचीन एवं प्रसिद्ध मुख्य रामलीला का विधायक शिव अरोरा ने प्रभु श्रीराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान रामलीला परिसर श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विधायक ने हजारों श्रद्धालुओं के साथ रामलीला के भव्य मंचन का आनंद लिया।
श्री रामलीला कमेटी श्री राम नाटक क्लब के पदाधिकारियों ने विधायक शिव अरोरा का अंगवस्त्र एवं राम दरबार भेंट कर स्वागत किया। कमेटी ने विधायक निधि से पिछले वर्ष रामलीला के मुख्य मंच का सौंदर्यीकरण कराए जाने पर उनका आभार जताया। इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर की रामलीला शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और मर्यादाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन सत्य, त्याग, सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और मर्यादा का संदेश देता है। रामलीला के माध्यम से उनके आदर्शों को आत्मसात कर जीवन में अपनाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए कमेटी के पदाधिकारियों, कलाकारों और कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कमेटी के सुशील गाबा, नरेश शर्मा, कोषाध्यक्ष अमित गंभीर, समाजसेवी राजकुमार खनिजो, राजीव चावला, विजय विर्मानी, सचिन मुंजाल, राजेश कामरा, उमेश पासरिचा, मनीष गगनेजा, संजीव कुमार, रामकिशन कनोजिया, हरीश अरोरा, वैभव ग्रोवर, मनोज मदान, सुनील यादव, मनोज मित्तल, राजेश अरोरा, विक्की घई और सुन्नी पासवान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
















