– मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखेंगे प्रस्ताव, बोले—किच्छा की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को दिलाएंगे उचित सम्मान
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक दीप सिंह ने किच्छा की प्राचीन धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों को उचित पहचान और सम्मान दिलाने की पहल करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि नगर के प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब को मानसखंड मंदिर माला मिशन से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा।
पुरानी गल्ला मंडी स्थित रामलीला मंच पर नव युवक कला केंद्र द्वारा आयोजित नगर की प्राचीन रामलीला का शुभारंभ विवेक दीप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किच्छा ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक विरासत से समृद्ध नगर है, लेकिन यहां की धरोहरों को अपेक्षित पहचान और संरक्षण नहीं मिल पाया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखकर प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब के संरक्षण, सौंदर्यीकरण तथा श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

विवेक दीप सिंह ने कहा कि उनका संकल्प किच्छा की ऐतिहासिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और स्वाभिमान को पुनः स्थापित करना है। उन्होंने रामलीला को सनातन संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं का जीवंत प्रतीक बताते हुए आयोजन समिति और कलाकारों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी अध्यक्ष पंडित नगत शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश उपाध्याय, भाजपा जिला मंत्री अक्षय अरोड़ा, प्रह्लाद खुराना, सुनील गुप्ता, शिव कुमार मित्तल, दिव्यांशु अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल सहित कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

















