– यूपी से हथियार लाकर उत्तराखंड में बेचने की थी योजना, जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसओजी रुद्रपुर और दिनेशपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से आठ अवैध तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। जवाबी फायरिंग में आरोपी मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर की रात करीब दो बजे महतोष-मकरंदपुर मार्ग पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और गन्ने के खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश से तमंचे लाकर उत्तराखंड में बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार, तमंचे पांच हजार रुपये प्रति नग की दर से खरीदकर आठ हजार रुपये में बेचने की योजना थी। हथियारों की सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद थाना दिनेशपुर में एफआईआर संख्या 166/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


















