– भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस से बयान पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता एवं किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी उत्तराखंड के गौरव, स्वाभिमान और जनभावनाओं को आहत करने वाली है।

शुक्ला ने कहा कि अजीत डोभाल ने अपना जीवन देश की सुरक्षा और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया है। उत्तराखंड के लिए वे गौरव और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों महान व्यक्तित्व प्रदेश की सैन्य परंपरा और राष्ट्रसेवा के प्रतीक हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष से राहुल गांधी की टिप्पणी पर पार्टी का रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक, गलवान घाटी और ऑपरेशन सिंदूर जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कई बार राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों को राजनीतिक बहस का मुद्दा बनाया है। शुक्ला ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद देश की सुरक्षा और सैन्य बलों के सम्मान को सर्वोपरि रखा जाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति का समर्थन करते हुए कांग्रेस से इस मामले में स्पष्टीकरण देने की मांग की।
प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला मीडिया संयोजक विजय तोमर, राजेश तिवारी, मुकेश पाल, मयंक तिवारी, मोर सिंह, सुरेंद्र चौधरी और संजीव खन्ना सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















