– रुद्रपुर सब्जी मंडी के पास घायल अवस्था में पड़ा था नंदी, गौ रक्षा दल की टीम के साथ मिलकर कराई मदद
– विधायक बोले- बेजुबान जीवों की पीड़ा समझना और संकट में उनकी मदद करना हम सभी का मानवीय धर्म
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – सड़क किनारे खून से लथपथ घायल अवस्था में पड़े एक बेजुबान नंदी को देखकर विधायक शिव अरोरा का काफिला रुक गया। नंदी की गंभीर हालत देखकर विधायक ने तत्काल उसकी सुध ली और बिना देर किए गौ रक्षा दल रुद्रपुर की टीम से संपर्क कर उसके रेस्क्यू तथा उपचार की व्यवस्था कराई। विधायक की इस संवेदनशील पहल ने जीवों के प्रति करुणा और सेवा का संदेश दिया।
घटना रुद्रपुर सब्जी मंडी के पास की है। यहां एक नंदी गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे विधायक शिव अरोरा की नजर उस पर पड़ी। नंदी की हालत देखकर उन्होंने तत्काल रुककर उसकी मदद के लिए आवश्यक कदम उठाए और संबंधित लोगों को उसके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद गौ रक्षा दल की टीम ने मौके पर पहुंचकर नंदी के रेस्क्यू में सहयोग किया और उसे उपचार के लिए भिजवाया।

इस दौरान विधायक शिव अरोरा ने गौ रक्षा दल रुद्रपुर के सदस्यों के सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम के सदस्य लगातार घायल और असहाय गोवंश की सहायता के लिए कार्य कर रहे हैं। ऐसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता और जीवों के प्रति दया की भावना को मजबूत करते हैं।
विधायक शिव अरोरा ने कहा, “बेजुबान पशु अपनी पीड़ा किसी से कह नहीं सकते। जब वे घायल या संकट में होते हैं, तो उनकी मदद करना हमारा मानवीय दायित्व बन जाता है। किसी असहाय जीव को दर्द में देखकर उसकी अनदेखी करने के बजाय आगे बढ़कर सहायता करना ही सच्ची संवेदनशीलता है। गौवंश की सेवा और उनकी रक्षा के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।”
उन्होंने गौ रक्षा दल की टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि निस्वार्थ भाव से जीवों की सेवा करने वाले लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे सेवा कार्यों में सभी को सहयोग करना चाहिए, ताकि घायल और असहाय पशुओं को समय पर सहायता और उपचार मिल सके। इस दौरान गौ रक्षा दल के जिला अध्यक्ष विराट आर्य सहित पूरी टीम मौके पर मौजूद रही और घायल नंदी के रेस्क्यू एवं उपचार की व्यवस्था में सहयोग किया।


















