
– पूर्ण रूप से नष्ट फसलों के मुआवजे के लिए मुख्यमंत्री धामी से करेंगे वार्ता
– इंडिया नज़र ब्यूरो, रुद्रपुर – रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने विधायक शिव अरोरा प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने गदरपुर की तहसीलदार लीना चंद्रा धामी और राजस्व विभाग की टीम के साथ पिपलिया-1, पिपलिया-2, आनंदखेड़ा, मोहनपुर, सुंदरपुर और हरिदासपुर समेत कई गांवों में खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया।
विधायक ने प्रभावित किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को फसलों के नुकसान का वास्तविक आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पूर्ण रूप से नष्ट फसलों वाले क्षेत्रों में ड्रोन सर्वे कराकर तत्काल रिपोर्ट तैयार करने को कहा, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई जल्द शुरू हो सके।

शिव अरोरा ने कहा कि ओलावृष्टि से किसानों की महीनों की मेहनत और लागत बर्बाद हुई है। इस मुश्किल समय में किसानों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता कर प्रभावित किसानों को जल्द उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। पूर्ण रूप से नष्ट फसलों के लिए नियमानुसार शत-प्रतिशत मुआवजा दिलाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रभावित किसान लाड्डी सिंह का दुख साझा करते नजर आए। इस दौरान मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश बजाज, इंद्रपाल चौधरी, मनमोहन वाधवा, प्रधान महेंद्र सैनी, काला चंद प्रधान, ओमियों विश्वास और कौशल विश्वास सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

















