
– जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाने के निर्देश, 9 अक्टूबर को अनुपालन रिपोर्ट होगी पेश
– इंडिया नज़र ब्यूरो नई दिल्ली/किच्छा। किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव की मतगणना को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। शीर्ष अदालत के निर्देश के बाद अब दोनों नगर पालिकाओं में 7 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से मतगणना कराई जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने भी इसके अनुसार संशोधित अधिसूचना जारी कर दी है।
सुप्रीम कोर्ट ने मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल और अन्य सुरक्षा इंतजाम करने को भी कहा गया है। अदालत ने मतगणना संबंधी आदेश के अनुपालन की रिपोर्ट 9 अक्टूबर को पेश करने के निर्देश दिए हैं।

यह मामला किच्छा निवासी सभासद प्रत्याशी अलीना मलिक की ओर से दायर विशेष अनुमति याचिका के जरिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। मामले में हाईकोर्ट द्वारा मतगणना के लिए राज्य सरकार को दिए गए तीन सप्ताह के समय को चुनौती दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर भी अलीना मलिक बनाम स्टेट ऑफ उत्तराखंड मामले की SLP(C) No. 35514/2026 दर्ज है।
किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका के लिए 22 सितंबर को मतदान हुआ था। कानून-व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों का हवाला देते हुए मतगणना स्थगित कर दी गई थी। इसके बाद हाईकोर्ट ने 30 सितंबर को तीन सप्ताह के भीतर मतगणना कराने का निर्देश दिया था। अब सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद प्रशासन के सामने 7 अक्टूबर को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मतगणना कराने की जिम्मेदारी है। दोनों निकायों के प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें अब मतगणना की तारीख पर टिक गई हैं।

















