– SIR को लेकर विपक्ष के आरोपों को महापौर ने बताया निराधार, कहा—तथ्यों के आधार पर हो राजनीतिक बहस
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस व विपक्षी दलों के आरोपों पर रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने पलटवार किया है। मंगलवार को प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के हालिया स्पष्टीकरण से विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे कई आरोपों की वास्तविकता सामने आ गई है।
महापौर ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्तों की बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में स्पष्ट किया गया है कि SIR सहित आयोग के प्रमुख निर्णयों पर सहमति से निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि 24 जून 2025 के मूल आदेश और विभिन्न चरणों की समय-सारणी से जुड़े फैसले भी आयोग की सहमति से लिए गए थे।
विकास शर्मा ने कहा कि विपक्ष जिस कथित अंदरूनी मतभेद को आधार बनाकर चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रहा था, उस पर आयोग ने स्वयं स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट सचिव को भेजे गए पत्र को लेकर भी आयोग ने स्पष्ट किया है कि वह SIR या किसी नीतिगत निर्णय से संबंधित नहीं, बल्कि एक अधिकारी की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़ा आंतरिक मामला था।
महापौर ने SIR को लेकर सुप्रीम कोर्ट के 27 मई 2026 के फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में SIR की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर न्यायालय ने आयोग की प्रक्रिया को वैधानिक और संवैधानिक प्रावधानों के दायरे में माना है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रहा है। रैन बसेरों, मजदूरों और बेघर लोगों के लिए विशेष कैंप तथा छूटे हुए मतदाताओं के घर जाकर बीएलओ द्वारा फॉर्म एकत्र करने जैसी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।
विकास शर्मा ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाते समय तथ्यों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने विपक्ष से चुनाव आयोग और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर पुनर्विचार करने की बात कही।
प्रेस वार्ता में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश सिंह, मीडिया संयोजक विजय तोमर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गेहलोत, मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, जिला कार्यालय मंत्री मोर सिंह, जितेंद्र संधू, पार्षद पावन राणा, पार्षद बीनू भाई सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















