– युवती से छेड़छाड़ के विरोध में पिता से मारपीट का आरोप, उपचार के दौरान हुई थी रोहित की मौत
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “भयमुक्त, अपराधमुक्त देवभूमि” के संकल्प के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में खटीमा पुलिस ने हत्या के मामले में नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को कोतवाली खटीमा क्षेत्र के खेतलसण्डा खाम स्थित सरकारी नल के पास एक युवती पानी लेने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके साथ छेड़छाड़ की गई। युवती के पिता रोहित द्वारा इसका विरोध करने पर खेतलसण्डा खाम निवासी संजय पुत्र स्व. रामभरोसे और सुभाष पुत्र स्व. रामभरोसे ने उनके साथ मारपीट की।

तहरीर के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरोपी संजय ने चारपाई की पाटी से रोहित के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया। उपचार के लिए ले जाते समय 28 सितंबर को करीब रात 9 बजे रोहित की मृत्यु हो गई। मामले में वादिनी की तहरीर के आधार पर कोतवाली खटीमा में मु0अ0सं0 297/2026 के तहत धारा 103(1), 117(2), 3(5) और 74 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP अजय गणपति ने नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले के त्वरित अनावरण के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ लगातार सुरागरसी-पतारसी की गई। पुलिस के मुताबिक, इसी क्रम में 29 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुराने रेलवे फाटक, खेतलसण्डा के पास से दोनों नामजद आरोपियों संजय और सुभाष को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों को 30 सितंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















