– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – लगातार हो रही बारिश के बीच महापौर विकास शर्मा ने रविवार को शहर के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने तीन पानी डैम, जगतपुरा और कल्याणी नदी के तटवर्ती क्षेत्रों का जायजा लेते हुए जल निकासी की स्थिति देखी और स्थानीय लोगों से बातचीत की।
महापौर विकास शर्मा ने तीन पानी डैम क्षेत्र में निर्माणाधीन डैम का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि दुर्गा कॉलोनी, बालाजीपुरम, शिवपुरम और शिमला बहादुर सहित आसपास के इलाकों में इस बार भारी बारिश के बावजूद पहले की तुलना में जलभराव में राहत मिली है। उन्होंने कहा कि डैम के पुनर्निर्माण और जल निकासी व्यवस्था में सुधार का असर अब दिखाई देने लगा है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि तीन पानी डैम और पुल के पुनर्निर्माण का मुद्दा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखा गया था, जिसके बाद यह कार्य मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल हुआ। वहीं भूरारानी क्षेत्र में पाइपलाइन डालकर ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने से भी जलभराव की समस्या में कमी आई है।
जगतपुरा में कल्याणी नदी के तटवर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए महापौर ने कहा कि नदी के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को हटाने के साथ नदी के पुराने स्वरूप को बहाल करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में चलाए गए कल्याणी नदी सफाई अभियान का असर भी इस बार देखने को मिल रहा है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से रुद्रपुर में सड़क, पुल और जल निकासी से जुड़े कई कार्य आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि बारिश के दौरान जलभराव या नाले-नालियों के अवरुद्ध होने की सूचना तत्काल नगर निगम को दें, ताकि टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं जल निकासी की व्यवस्था कर सके।

















