– डबल बेंच के आदेश के बाद भी काउंटिंग शेड्यूल जारी नहीं होने से बढ़ी लोगों की उत्सुकता, एनयू खान बोले—जल्द हो मतगणना
– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – किच्छा और सिरौली कलां नगर पालिकाओं में हुए चुनाव के बाद अब क्षेत्र की जनता को मतगणना की तारीख घोषित होने का इंतजार है। उच्च न्यायालय की डबल बेंच द्वारा दोनों नगर पालिकाओं में मतगणना कराए जाने के आदेश के बाद भी चुनाव आयोग की ओर से अभी तक मतगणना का कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। इसके चलते दोनों क्षेत्रों के प्रत्याशियों और आम जनता में उत्सुकता बनी हुई है।
किच्छा और सिरौली कलां नगर पालिका क्षेत्र में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब लोगों की निगाहें मतगणना और चुनाव परिणाम पर टिकी हैं। जनता यह जानने को उत्सुक है कि उनके क्षेत्र से कौन-कौन से प्रत्याशी जीत दर्ज कर नगर निकाय के जनप्रतिनिधि बनेंगे। वहीं, मतगणना की तारीख घोषित नहीं होने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं।
कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष एनयू खान ने चुनाव आयोग से जल्द से जल्द मतगणना की तारीख घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय की डबल बेंच द्वारा मतगणना के आदेश दिए जा चुके हैं, इसके बावजूद काउंटिंग का कार्यक्रम घोषित होने में देरी समझ से परे है।
एनयू खान ने कहा कि किच्छा और सिरौली कलां की जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपत्रों में दर्ज कर दिया है। अब जनता अपने चुने हुए प्रतिनिधियों के नाम जानना चाहती है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को बिना किसी अनावश्यक देरी के मतगणना की तारीख घोषित कर काउंटिंग की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मतगणना कार्यक्रम घोषित नहीं होने के कारण क्षेत्र में तरह-तरह की अटकलें और चर्चाएं चल रही हैं। जल्द मतगणना होने से इन सभी चर्चाओं पर विराम लगेगा और जनता को उनके निर्वाचित प्रतिनिधि मिल सकेंगे।
एनयू खान ने चुनाव आयोग से मांग की कि किच्छा और सिरौली कलां नगर पालिकाओं की मतगणना के लिए जल्द कार्यक्रम जारी कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से वोटों की गिनती कराई जाए।

















