– NMC के समक्ष अपील के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ी, विधायक ने कॉलेज का निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – पंडित रामसुमेर शुक्ल स्मृति राजकीय मेडिकल कॉलेज में सत्र 2026-27 से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद एक बार फिर मजबूत हुई है। मान्यता की प्रक्रिया के बीच रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने लैब, स्टूडेंट स्टडी हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम सहित विभिन्न ब्लॉकों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से शेष कार्यों की जानकारी ली।
विधायक ने बताया कि पिछली मान्यता प्रक्रिया में सामने आई कमियों को दूर करने के लिए तेजी से काम किया गया है। भवन निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है, जबकि कई स्थानों पर फर्नीचर इंस्टॉलेशन भी पूरा हो चुका है। मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी की संख्या 50 से अधिक हो गई है और हाल ही में सात नए डॉक्टरों के मिलने से व्यवस्थाएं और मजबूत हुई हैं।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चंद्रप्रकाश बसेड़ा ने बताया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के समक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अंतरिम अपील की गई है। इसमें पूर्व में सामने आई कमियों को दूर किए जाने और आवश्यक मानकों को पूरा करने की जानकारी दी गई है। मंत्रालय की संस्तुति के बाद राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) द्वारा मान्यता को लेकर आगे की प्रक्रिया की जाएगी।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की तैयारियां पहले की तुलना में काफी बेहतर हैं। उन्होंने बताया कि मान्यता को लेकर स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी चर्चा की गई है। उन्हें उम्मीद है कि अगले एक सप्ताह में मान्यता को लेकर सुखद खबर मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि NMC से मंजूरी मिलने के बाद इसी सत्र में 100 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश और कक्षाएं शुरू होने का रास्ता साफ हो सकता है। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से ऊधम सिंह नगर समेत आसपास के क्षेत्रों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने के साथ चिकित्सा शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चंद्रप्रकाश बसेड़ा, मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ. सुमन कुमार पांडेय, डॉ. वीके द्विवेदी, डॉ. सृजन श्रीवास्तव, वरुण प्रसाद, डॉ. आदित्य चौहान, मयंक कक्कड़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

















