– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – सनातन धर्म और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से जय नगर-4 स्थित डिवाइन कॉम्प्लेक्स में ‘ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन’ के तत्वावधान में श्री आदर्श रामलीला समिति का विधिवत शुभारंभ किया गया। पंडित भैरव दत्त उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणेश पूजन और श्री राम दरबार की स्थापना कराई। इसके बाद भगवान श्रीराम, हनुमान और गोल्ज्यू महाराज की आरती के साथ रामलीला की तैयारियों का शुभारंभ हुआ।
पूजन के बाद आयोजित प्रथम दिन की तालीम में 17 कलाकारों ने अपने अभिनय का प्रदर्शन किया। रामलीला का निर्देशन पूर्व सैनिक एवं निर्देशक कल्याण सिंह कर रहे हैं। वे कलाकारों को मंचन के लिए तैयार करने में जुटे हैं।
समिति के अनुसार आगामी 28 अक्टूबर से 6 नवंबर तक 10 दिवसीय रामलीला मंचन किया जाएगा। आयोजन की खास बात यह होगी कि इसमें करीब 80 प्रतिशत पात्र छतरपुर से दिनेशपुर क्षेत्र के स्थानीय कलाकारों को अवसर दिया जाएगा, जबकि जरूरत के अनुसार 20 प्रतिशत कलाकार रुद्रपुर, हल्द्वानी, बरेली और आसपास के क्षेत्रों से आमंत्रित किए जाएंगे। रामलीला की तैयारियों के तहत प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 1 बजे और शाम 5 से रात 9 बजे तक तालीम एवं बैठकें आयोजित की जा रही हैं। वहीं, 28 सितंबर को मुख्य कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
इस अवसर पर समिति के संयोजक दीपक पांडे, ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन की संस्थापक ममता पांडे, सरिता गोस्वामी, हंसा पांडे सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

















