– आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी समेत कई दस्तावेजों की कूटरचना का आरोप; मोबाइल, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और SSD बरामद
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में गदरपुर पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर MBBS में दाखिला दिलाने के प्रयास के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर दो मोबाइल फोन, HP EliteBook लैपटॉप, हार्ड डिस्क और SSD बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, राजस्व निरीक्षक गदरपुर विनोद कुमार की तहरीर पर फर्जी स्थायी निवास, जाति एवं अनाथ प्रमाण-पत्र तैयार कर उनका लाभ लेने के आरोप में कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में BNS की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा संख्या 283/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पांच छात्रों से संबंधित प्रमाण-पत्रों में फर्जी एवं कूटरचित आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर और विद्युत बिल सहित अन्य दस्तावेजों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि आरोपी कूटरचित दस्तावेज तैयार कर छात्रों को MBBS में दाखिला दिलाने के लिए कथित तौर पर आपराधिक षडयंत्र कर रहे थे।
25 सितंबर को पूछताछ के लिए कोतवाली लाए गए शुभम हुड़िया और निखिल वर्मा को पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के मोबाइल फोन से प्राप्त रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजों को विवेचना में शामिल किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

















