– संदीप अरोड़ा बोले—सड़क, बिजली, पानी समेत मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान; राजेश शुक्ला ने कहा—भाजपा विकास और सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर करती है काम
– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – नगर पालिका परिषद किच्छा के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा उर्फ सोनू ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ बालाजी मंदिर, पुराना अस्पताल, जनता इंटर कॉलेज सहित विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ जनसंपर्क किया। इस दौरान कई स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर मतदाताओं से संवाद किया गया और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन मांगा गया। जनसंपर्क के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रत्याशी संदीप अरोड़ा एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का स्वागत किया। प्रत्याशी ने लोगों से मुलाकात कर नगर की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की तथा चुनाव में सहयोग और आशीर्वाद मांगा।

नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा उर्फ सोनू ने कहा कि भाजपा हमेशा विकास और जनसेवा के मुद्दे को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि वह किच्छा की जनता के बीच पले-बढ़े हैं और नगर की समस्याओं को करीब से जानते हैं।
उन्होंने कहा, “मैं आपके बीच का ही बच्चा हूं और आज आपके सामने अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के रूप में आपका आशीर्वाद और सहयोग लेने आया हूं। यदि जनता ने सेवा का अवसर दिया तो नगर में सड़क, बिजली, पानी, नाली, सफाई और जल निकासी जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।”
संदीप अरोड़ा ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य कराए जाएंगे और जनता की समस्याओं को सुनने के लिए निरंतर उनके बीच रहने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव तक जनता के बीच रहना नहीं, बल्कि चुनाव के बाद भी नगरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम करना है।

चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति हिन्दू समाज की एकता के खिलाफ रही है और पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति विकास और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की रही है। “भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर काम करती है। हमारा उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर क्षेत्र और नगर का विकास करना है।”

पूर्व विधायक ने कहा कि संदीप अरोड़ा युवा हैं और किच्छा नगर की समस्याओं को समझते हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जनता संदीप अरोड़ा को अपना आशीर्वाद और समर्थन देकर नगर की सेवा का अवसर दे। उन्होंने कहा, “संदीप अरोड़ा एक युवा प्रत्याशी हैं। उन्हें मौका मिलने पर नगर की जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।”
भाजपा प्रत्याशी के जनसंपर्क अभियान के दौरान नगर की सड़क व्यवस्था, बिजली, पेयजल, नालियों की स्थिति, जल निकासी, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता लवी सहगल, सुभाष तनेजा, विवेकदीप सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

















