– विधायक बेहड़ के साथ कई इलाकों में चुनावी सभाएं बोले राजेश प्रताप सिंह – जनता का आशीर्वाद मिला तो सड़क, नाली, जल निकासी और सफाई व्यवस्था को देंगे प्राथमिकता
– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – नगर पालिका परिषद किच्छा के अध्यक्ष पद के चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही चुनावी गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। प्रत्याशी लगातार मतदाताओं के बीच पहुंचकर जनसंपर्क कर रहे हैं और अपने पक्ष में समर्थन जुटा रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस के अध्यक्ष पद कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ चंदननगर, नई कॉलोनी, चुकती देवरिया, गीतांजलि विहार, विकास कॉलोनी, उत्तरांचल कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया और चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा सर्व समाज को साथ लेकर चलने और विकास की राजनीति में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में आशीर्वाद देती है तो नगर की मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि नगर के अलग-अलग वार्डों में सड़क, नाली, जल निकासी, साफ-सफाई और पेयजल जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने की जरूरत है। बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को परेशानी होती है, इसलिए स्थायी जल निकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। किच्छा में हाल में भी जलभराव को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा सड़क और नाली निर्माण की मांग उठाई गई है।

‘बाहरी’ बताए जाने के मुद्दे पर विपक्ष पर साधा निशाना
राजेश प्रताप सिंह ने विपक्ष द्वारा उन्हें बाहरी बताए जाने के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से भी अधिक समय से किच्छा क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और यहां की जनता उन्हें अच्छी तरह जानती है।
उन्होंने कहा, “मुझे बाहरी बताया जा रहा है, जबकि यहां की जनता असलियत जानती है। मैं पिछले दस साल से भी अधिक समय से किच्छा से जुड़ा हुआ हूं। आगे भी इसी तरह जनता के बीच रहकर काम करूंगा। मैं यही का हूं और आपके दिल में बसा हुआ हूं।”
चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि कांग्रेस विकास के मुद्दे पर चुनाव मैदान में है। उन्होंने कहा कि जिस तरह उनके द्वारा क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है, उसी तरह राजेश प्रताप सिंह भी नगर के विकास को गति देने का काम करेंगे।
बेहड़ ने कहा कि नगर के सामने सड़क, नाली, जल निकासी, जलभराव, सफाई और पेयजल जैसी कई चुनौतियां हैं। इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका, संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की। चुनावी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

















